
विनेश फोगाट ने दिया रेलवे की नौकरी से इस्तीफा, कांग्रेस की टिकट पर लड़ेंगी चुनाव; पढ़े पूरी खबर!
चंडीगढ़। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से पहले रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी। विनेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि भारतीय रेलवे की सेवा मेरे जीवन का एक यादगार और गौरवपूर्ण समय रहा है। जीवन के इस मोड़ पर मैंने स्वयं को रेलवे सेवा से पृथक करने का निर्णय लेते हुए अपना त्यागपत्र भारतीय रेलवे के सक्षम अधिकारियों को सौप दिया है। राष्ट्र की सेवा में रेलवे द्वारा मुझे दिये गये इस अवसर के लिए मैं भारतीय रेलवे परिवार की सदैव आभारी रहूंगी।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से मुलाकात की थी जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इसके बाद सियासी गलियारों में कयास लगाए जाने लगे कि विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में हाथ आजमा सकती है। चर्चा है कि विनेश फोगाट अगर कांग्रेस में शामिल हुई, तो उन्हें दादरी से टिकट दिया जा सकता है।
बजरंग पुनिया बादली से लड़ना चाहते हैं चुनाव॥
बजरंग पुनिया बादली से टिकट मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें किसी जाट बाहुल्य सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। हाल ही में विनेश ने जींद, रोहतक, और शंभू बॉर्डर पर खाप पंचायतों और किसानों से मुलाकात की थी। इससे पहले हरियाणा के कांग्रेस प्रभारी बावरी ने विनेश फोगाट के बारे में कहा था कि जल्द ही पार्टी उनके बारे में स्थिति स्पष्ट करेगी।
कुश्ती से लिया संन्यास॥
कुछ दिन पहले, ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने के बाद अयोग्य करार दिये जाने पर विनेश ने कुश्ती से संन्यास का ऐलान किया था। वह जिस वजन वर्ग के लिए खेल रही थीं, उससे उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा आया था। उस समय हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने उन्हें राज्यसभा भेजने की वकालत की थी, लेकिन कम उम्र होने की वजह से उन्हें राज्यसभा में भेजना मुमकिन नहीं है।
कांग्रेस को होगा फायदा॥
राजनीतिक पंडितों का दावा है कि अगर विनेश कांग्रेस में शामिल हुईं, तो हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका फायदा होगा, क्योंकि उनके किसानों और खाप पंचायतों से अच्छे संबंध हैं।
विनेश के राजनीति में आने से क्या होगा?
विनेश फोगाट का संभावित राजनीतिक प्रवेश हरियाणा की राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकता है। उनके खाप पंचायतों और किसानों के साथ मजबूत रिश्ते उन्हें चुनाव में बड़ा समर्थन दिला सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट की भूमिका हरियाणा की सियासत में एक अहम मोड़ साबित हो सकती है।
हरियाणा में कब होगा चुनाव?
हरियाणा विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होगा. वहीं, मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। बता दें कि इससे पहले यह तारीख 1 और 4 अक्टूबर थी लेकिन चुनाव आयोग ने इसमें बदलाव कर दिया। आयोग ने इसके पीछे की वजह बताते हुए सफाई दी कि बिश्नोई समुदाय के मताधिकार और परंपराओं दोनों का सम्मान करने के लिए यह फैसला लिया गया है। बिश्नोई समाज ने आसोज अमावस्या उत्सव में भाग लेने की सदियों पुरानी प्रथा को कायम रखा है। ये उस दिन अपने गुरु जम्बेश्वर की स्मृति में उत्सव मनाते हैं। राजस्थान की नोखा तहसील में पिछले करीब 490 साल से तो यह मेला लगातार आयोजित होता रहा है।

Leave a Reply
Cancel ReplyRelated News
Popular News
VOTE FOR CHAMPION

Who is the Best Actress of 2024

Recent News
Get Latest News
Subscribe to our newsletter to get the latest news and exclusive updates.

Top Categories
-
State
168
-
India
112
-
Uttar Pradesh
86
-
Crime
81
