यूपी : सीएम योगी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले बांके बिहारी मंदिर में की पूजा-अर्चना, ब्रजवासियों को दी ये बड़ी सौगात।
मथुरा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृजवासियों के लिए 1,037 करोड़ की विभिन्न 178 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। जिसमें बरसाना में श्री राधा रानी मंदिर के लिए बनने जा रही रोप-वे सुविधा भी शामिल है, अब राधा रानी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु इस खास सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। इस दौरान सीएम योगी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मथुरा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आपने देखा होगा कि बांग्लादेश की घटना पर इन सबके मुंह बंद हैं क्योंकि उन्हें भय है कि अगर वे बोलेंगे तो उनके वोट बैंक खिसकते दिखाई देंगे, उनके पैरों की जमीन जिसपर वे खड़े हैं वह अंगारे उन्हें ही जलाते दिखाई देंगे। इसलिए वे मौन हैं, इस पर बोल नहीं सकते। जो लोग दुनिया के अन्य मुद्दों पर मुखर होकर बोलते हैं, उन्हें फिलिस्तीन दिखाई देता है पर बांग्लादेश दिखाई नहीं देता। उन्हें दुनिया की अन्य जगहें दिखाई देती हैं लेकिन बांग्लादेश दिखाई नहीं देता क्योंकि वहां मंदिर तोड़े जा रहे हैं, संतों पर अत्याचार हो रहा है इसलिए हम सबको वर्तमान की चुनौतियों को देखना होगा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि 1971 में बांग्लादेश को बचाने में हमारे सैनिकों ने भी बलिदान दिया था। यह देश रहना चाहिए, सनातन धर्म हर हाल में रहना चाहिए। हमारी विरासत का सरंक्षण होना चाहिए।"
वहीं सीएम योगी ने कहा कि, दुनिया के अंदर कोई ऐसा पंथ, मजहब, संप्रदाय नहीं है जो इतना पुराना हो जितना हमारा धर्म सनातन धर्म है। कोई 1400 साल पुराना है तो कोई लगभग 2000 साल पुराना है। इस धरती का और भारत का एक ही धर्म है वह है सनातन धर्म। भारत का एक ही धर्म है, वह 'सनातन धर्म' है। यही भारत का राष्ट्रीय धर्म है। जो चुनौती 'सनातन धर्म' के सामने है वही भारत की चुनौती है।
बता दें कि जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे प्रदेश में घरों और मंदिरों के साथ-साथ पुलिस थानों, कारागारों और पुलिस लाइन में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव से मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी पर्व से पूर्व सभी रिजर्व पुलिस लाइंस ,पुलिस थानों एवं कारागारों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व परंपरागत भक्तिभाव से मनाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रदेश भर में कृष्ण लीला, झांकी और शोभायात्रा के आयोजनों के दौरान वहां सुरक्षा, सफाई व अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से करने के आदेश दिए हैं। इसके अतिरिक्त भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल के प्रबंध करने के भी निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट॥
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया- राधे-राधे! श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं नन्दोत्सव से पूर्व आज लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर बरसाना में श्री राधा रानी मंदिर जाने हेतु रोप-वे सुविधा समेत ₹1,037 करोड़ की विभिन्न 178 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास भी हुआ। साथ ही उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संकलित ग्रंथ 'मीराबाई' एवं प्रख्यात अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे जी के भजन एल्बम का विमोचन भी किया। जनपद वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश॥
सीएम के निर्देशों का अनुपालन करते हुए उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा के महानिदेशक पीवी रामाशास्त्री ने प्रदेश के समस्त कारागारों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को परंपरागत रूप से मनाए जाने के निर्देश जारी कर दिया। सीएम योगी ने कहा कि, भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़ी श्रद्धा एवं धूम-धाम से मनाया जाता है, जिसमें सम्मिलित होने के लिए देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मथुरा नगर स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि/शाही ईदगाह मस्जिद स्थल अत्यन्त संवेदनशील है। यह स्थल आईएसआई व विभिन्न आतंकवादी संगठनों के निशाने पर भी है. इसको देखते हुए भी विशेष सतर्कता एवं समुचित पुलिस प्रबंध किए जाएं।